मंगलवार, 18 मई 2021

कई मामलों के आरोपी भाजपा नेता को पुलिस ने दबोचा


 गोड्डा: कई आपराधिक मामलों में वांछित भाजपा नेता सूर्या हांसदा को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की खबर हवा में तैर रही है। चर्चा है कि भाजपा नेता को गिरफ्तार कर ललमटिया थाना में रखा गया है। सुरक्षा की दृष्टि से थाना का गेट बंद कर दिया गया है। हालांकि पुलिस द्वारा हसदा की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि होनी बांकी है।

मिली जानकारी के अनुसार,  हांसदा को बोआरीजोर थाना क्षेत्र के धनकुंडा (रानीडीह)गांव से गिरफ्तार किया गया है। वे वहां एक शादी समारोह मे शामिल होने गए थे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सूर्या हांसदा को ललमटिया थाना क्षेत्र में भारी सुरक्षा के बीच रखा गया है। हालांकि इस मामले में पुलिस आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं कर रही है। सूर्या की गिरफ्तारी के बाद गोड्डा में पुलिस अलर्ट मोड पर है।

भारी संख्या में पुलिस बल को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है। बताया जाता है कि भाजपा नेता सूर्या हांसदा पर गोड्डा के ललमटिया, बोआरीजोर, ठाकुरगंगटी थाना के अलावे साहिबगंज जिला के बोरियो, मंडरो एवं बरहेट थाना में कई मामले दर्ज हैं। अभी हाल में ही साहिबगंज के बोरियो थाना के मोतीपहाड़ी में सूर्या को पकड़ने गयी पुलिस पर भीड़ ने हमला कर दिया था।भीड़ सूर्या को पुलिस से मुक्त करा कर ले गयी थी। वहीं पुलिस पर पथराव भी हुआ था। एसडीपीओ के वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। पथराव में बरहरवा एसडीपीओ पीके मिश्रा सहित कई पुलिस कर्मी घायल हुए थे।भारी विरोध के बीच पुलिस को लौट जाना पड़ा था।

मिली जानकारी के अनुसार गोड्डा के ठाकुरगंगटी थाना इलाके में अडानी पावर के पाइप लाइन में काम कर रहे वाहनों में आग लगाने के मामले में पुलिस को सूर्या की तलाश थी। वहीं साहिबगंज के मिर्ज़ाचौकी इलाके में सीटीएस कंपनी के खदान में खड़े वाहनों में आग लगाने के मामले में भी पुलिस सूर्या को तलाश रही थी। फरारी के दौरान सूर्या ने वीडियो वायरल कर साहिबगंज व गोड्डा एसपी  का पुतला दहन करते हुए 1 जून 2021 से संताल मे आर्थिक नाकेबंदी का ऐलान भी किया था।

मालूम हो कि आपराधिक जगत का नामी खिलाड़ी माना जाने वाला सूर्या हांसदा विगत विधानसभा चुनाव के दौरान बोरिओ विधान सभा क्षेत्र से भाजपा का उम्मीदवार था। इसके पूर्व के दो चुनाव में श्री हांसदा बोरियो से झारखंड विकास मोर्चा के उम्मीदवार थे ।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें